रांची। धर्म छिपाकर शादी की कोशिश करने का ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकार आप भी हैरत में रह जाएंगे। एक व्‍यक्‍त‍ि ने अपना नाम संजय बताकर एक परिवार को उनकी बेटी से शादी का रिश्‍ता तय कर लिया। जिस दिन शादी हो रही थी- मंडप में ही उसका भेद खुल गया। खुलासा हुआ क‍ि दूल्‍हा का नाम संजय नहीं, असलम है। इस पर लोगों ने उसको जमकर पीटा। हालांक‍ि वह भागने में कामयाब हो गया, लेकिन उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस की जांच में सामने आया है क‍ि असलम अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज हैं। अब पुलिस असलम को तलाश कर रही है।

यह वाकया झारखंड के बोकारो शहर के सेक्टर-9 में हरला थाना क्षेत्र की कुम्हारटोली का है। आरोपी असलम खान धनबाद के वासेपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी उम्र लगभग 50 वर्ष है।

बैंक में मिला था और खुद को बताया था पुलिस अधिकारी
लड़की के पिता राजू कसेरा ने पुलिस को बताया है कि वह ठेले पर दुकान चलाकर किसी तरह सात सदस्यों वाले परिवार का भरण पोषण कहता है। उसने अपनी बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपए जमा किए थे। छह महीने पहले उसकी पत्नी एक साइबर ठग के झांसे में आ गई और उसके खाते से एक लाख रुपए निकल गए। इस झटके से उबरने के लिए उसकी पत्नी और बेटी लोन लेने के लिए बैंक गई थीं। वहीं एक व्यक्ति से उनका परिचय हुआ। उसने अपना नाम संजय कसेरा बताया और लोन दिलाने में मदद के नाम पर वह उनके घर आने लगा। कुछ दिन के बाद वह पुलिस की वर्दी में उनके घर आने लगा। उसने बताया कि वह पुलिस अधिकारी है और लातेहार जिले में पोस्टेड है, फिर उसने उसकी बेटी के बेहतर भविष्य का वास्ता देकर उसे बरगलाया और तरह-तरह के दबाव-धमकी देकर शादी के लिए राजी करा लिया।

ऐसे सामने आया झूठ
राजू कसेरा के मुताबिक, कमजोर माली हालत और दबाव-धमकी के चलते उसने बेटी की शादी करने पर हामी भर दी। तय कार्यक्रम के अनुसार, शादी बीते बुधवार की रात होनी थी। वह कुछ लोगों के साथ आया। वरमाला की रस्म भी हो गई। इसी बीच शादी का पंडाल बनाने वाले मजदूर नेहाल ने उसे और घरवालों को बताया कि वह दूल्हे को पहचानता है। वह संजय कसेरा नहीं, असलम खान है। उसने यह भी बताया कि एक साल पहले वह एक मामले में जेल में था, तब असलम भी वहीं बंद था।

लव जिहाद का लगा आरोप
पोल खुलते ही शादी समारोह में हंगामा हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदूवादी संगठन बजरंग दल के लोग भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने उसकी जमकर लानत-मलामत की। कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी की, लेकिन पुलिस को सौंपे जाने के पहले ही वह स्कॉर्पियो पर बैठकर भाग खड़ा हुआ। उसके साथ आए लोग भी खिसक गए। हालांकि पुलिस ने मौके से असलम खान की एक ऑल्टो कार, उसके बैग से पुलिस की वर्दी और एक हथियार भी जब्त किए हैं।
परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। बजरंग दल के जिला प्रमुख बजरंग पांडेय ने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

क्रिमनल है असलम
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि असलम का क्रिमिनल रिकॉर्ड है। पिछले साल मई 2021 में चास थाने की पुलिस ने ठगी कर पैसे वसूलने के आरोप में गिरफ्तार जेल भेजा था। वह अन्य कई मामलों में चतरा, रांची और जामताड़ा की जेलों में भी बंद रहा है। यह भी जानकारी मिली है कि उसने पहले भी एक आदिवासी महिला को झांसा देकर उसके साथ शादी रचाई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here