
दिल्ली। रेखा गुप्ता ने दिल्ली के सीएम के तौर पर गुरुवार को शपथ ली। रामलीला मैदान में उनके साथ प्रवेश वर्मा सहित छह मंत्रियों ने भी शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित बीजेपी शासित 21 राज्यों के सीएम भी मौजूद रहे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आतिशी मार्लेना शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंचे।
दिल्ली को अपना नया सीएम मिल गया। चुनाव नतीजे आठ फरवरी को आ गए थे, लेकिन सबसे बड़े दल के रूप में उभरी बीजेपी को सीएम तय करने में तकरीबन 11 दिन लग गए। रेखा के साथ छह मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, रवींद्र इंद्राज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी सीएम रह चुकी हैं। शपथ के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के तौर पर केजरीवाल के बनवाए शीश महल में नहीं रहेंगी।