यूपी में बरेली मंडल के पीलीभीत जिले के एक गांव में गुरुवार को सुबह एक मकान में प्रेमी युगल के शव मिलने से खलबली मच गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्‍महत्‍या की बात सामने आ रही है, क्‍योंक‍ि लड़के की शादी तय हो चुकी थी। ऐसे में माना जा रहा है क‍ि दोनों ने फांसी लगाकर आत्‍महत्‍या कर ली, हालांक‍ि लड़के के परिजनों ने ऑनर किलिंग की आशंका जताई है। पुलिस सारे पहलू से मामले की जांच कर रही है।

पीलीभीत। जिले के न्यूरिया थाना क्षेत्र के सैंजना गांव के लोग गुरुवार को सुबह तब दहल गया, जब यहां एक मकान में एक युवक और एक युवती के शव फांसी के फंदे से लटके पाए गए। ये दोनों एक दिन पहले बुधवार शाम से लापता थे और उनके परिवार वाले उन्‍हें खोज रहे थे।

मृतक युवक 19 वर्षीय अरुण लोधी था, जिसकी शादी तय हो चुकी थी और गुरुवार को ही उसका तिलकोत्‍सव था। मृतका गांव की 18 वर्षीय एक लड़की थी। दोनों एक ही बिरादरी के थे और पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है क‍ि मृतक लड़का-लड़की, एक दूसरे को प्‍यार करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़के की शादी तय होने के बाद से वे दोनों निराश हो गए थे।

अलबत्‍ता, प्रारंभिक जांच-पड़ताल में पुलिस यह मान रही है क‍ि दोनों ने बंद मकान में फांसी लगाकर आत्‍महत्‍या की है। यह मकान लड़के के चाचा का बताया गया है। हालांक‍ि लड़के के परिवार वालों ने ऑनर किलिंग का अंदेशा जाहिर करते हुए पुलिस से लड़की के परिवार वालों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिनेश पी का कहना है क‍ि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। एसपी का कहना है क‍ि लड़का-लड़की के बीच प्रेम प्रसंग का मामला प्रारंभिक पड़ताल के दौरान सामने आया है। पूरी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here