कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष का योगी सरकार पर निशाना। बोले- प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री बन चुके हैं भाषणवीर।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने बुधवार को लखनऊ में पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर प्रेस वार्ता में कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। डेंगू से अस्पताल भरे हैं, लेकिन सरकार के कान में जूं तक नहीं रेग रही है। उन्‍होंने कहा क‍ि अभी हाल में मैं झांसी के अस्पताल में गया था, जहां डेंगू की मरीजों से पूरा का पूरा वार्ड भरा हुआ था। अगर यही स्थिति रही तो डेंगू जल्द ही खतरनाक महामारी का रूप धारण कर लेगा। बोले- स्वास्थ्य मंत्री भाषणवीर बन चुके हैं, अस्पतालों की व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। उन्‍होंने कहा क‍ि जब-जब सरकार प्रदेश को गडढ़ा मुक्त करने की बात करती है, तब-तब प्रदेश की सड़कें पूरी तरह गड़ढ़ायुक्त हो जाती हैं।
खाबरी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रदेश में क्राइम पर जीरो टालरेंस की बात करते हैं, बीती रात ही प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक दरोगा को गोली मारकर पिस्टल लूट लेने जैसी घटना सामने आई है। यदि जनता की हिफाजत करने वाली पुलिस ही सुरक्षित नहीं हैं तो प्रदेश की आम जनता का क्या होगा? इस घटना से अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आयुष दाखिले में भारी अनियमितता एवं छात्रपति शाहूजी महाराजा यूनिवर्सिटी में कमीशन के पैसों को ठिकाने लगाने जैसे भ्रष्टाचार के मामले इस सरकार की पोल खोल रहे हैं तथा सरकार का भ्रष्टाचार उजागर कर रहे हैं। बोले- सरकार को अपनी राज्य स्तरीय जांच एजेसियों पर भरोसा न करना तथा केंद्र की जांच एजेंसियों से जांच कराने की बात कहना, कहीं न कहीं भ्रष्टचार को दबाने एवं भ्रष्टाचारियों को बढ़ावा देने जैसा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार की भेंट के साथ ही, कानून की लचर व्यवस्था में चरमोत्कर्ष पर है। महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है, वहीं हत्या, बलात्कार, छिनैती जैसी घटनाओं को अपराधी आए-दिन अंजाम दे रहे हैं, जिसमें प्रदेश की राजधानी लखनऊ भी अछूती नहीं है।
प्रेसवार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम, प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री नकुल दुबे, संगठन सचिव अनिल यादव, मीडिया संयोजक अशोक सिंह, प्रदेश प्रवक्ता कृष्णकांत पांडेय, संजय सिंह, आशीष दीक्षित, प्रियंका गुप्ता, रफत फातिमा, बृजेश सिंह, प्रज्ञा सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here