बरेली। धर्म रक्षा संघ का कार्यक्रम राजेन्द्र नगर में अनंत वास्तु कार्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें बरेली जिले के पदाधिकारियों की घोषणा करते उन्‍हें मनोनयन पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ (वृंदावन) ने बरेली जिले के जिलाध्यक्ष के लिए मनीष अग्रवाल एवं धर्म रक्षा संघ की महिला शाखा मातृशक्ति की जिलाध्यक्ष आशिमा गुप्ता को मनोनीत किया, साथ ही पारुल गुप्ता को महिला इकाई का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

कार्यक्रम में धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि सनातन धर्म एवं संस्कृति की रक्षा एवं संवर्धन के लिए धर्म रक्षा संघ की स्थापना की गई है। धर्म रक्षा संघ का विस्तार संपूर्ण भारत वर्ष में किया जा रहा है। बरेली जिले के पदाधिकारियों की घोषणा होने के बाद यहां भी धर्म रक्षा संघ पूरे जोश के साथ कार्य करेगा। धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री जगदीश गुप्ता ने कहा क‍ि सनातन धर्म एवं संस्कृति के विषय में संघ द्वारा किए जा रहे कार्य अद्वितीय एवं आवश्यक हैं। वर्तमान समय में हमारे समाज में संस्कारों की कमी होती जा रही है, जिसे हमें दूर करना है।

धर्म रक्षा संघ बरेली के जिलाध्यक्ष घोषित होने के बाद मनीष अग्रवाल ने कहा कि मेरे ऊपर धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने जो भरोसा जताया है, उस पर मैं मन वचन और कर्म से खरा उतरने का प्रयास करूंगा। सनातन धर्म की सेवा में जो भी कार्य आवश्यक होगा वह अवश्य किया जाएगा। धर्म रक्षा संघ मातृशक्ति बरेली की जिला अध्यक्ष आशिमा गुप्ता ने कहा कि आज समाज में महिलाएं भी बढ़-चढ़कर अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। सनातन धर्म की नई पीढ़ी को संस्कारित करने में महिलाओं का अतुलनीय योगदान हो सकता है।

इस अवसर पर संघ के राष्ट्रीय संयोजक, विभिन्न देशों में हिन्दू धर्म की शिक्षा देने वाले आचार्य बद्रीश जी महाराज, वृंदावन से आए राष्ट्रीय मार्गदर्शक महंत मोहिनी बिहारी शरण जी महाराज, राष्ट्रीय महामंत्री श्रीदास प्रजापति राष्ट्रीय महामंत्री, शोभा अग्रवाल, मोहित बंसल, कुलदीप पाठक एवं सचिन खंडेलवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here