नए कांग्रेस अध्‍यक्ष को लेकर अब तक यही तस्‍वीर दिख रही है क‍ि गांधी परिवार क‍िसी और को इस कुर्सी पर बैठाना चाहता है। अब तक नाम राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत का चल रहा था। माना जा रहा था क‍ि गहलोत को गांधी परिवार अध्‍यक्ष बनाना चाहता है, लेकिन राजस्‍थान में मुख्‍यमंत्री की कुर्सी को लेकर समर्थक विधायकों के बागवती तेवर के घटनाक्रम के बाद अनुशासनहीनता के संदेश में आए गहलोत गुरुवार को सोनिया गांधी की नराजगी के बाद अध्‍यक्ष की दौड़ से बाहर हो गए। हालांक‍ि दिग्‍विजय सिंह दिग्‍गी राजा का नाम उनके विकल्‍प और गांधी परिवार की ओर से अचानक उभर आया है। उन्‍होंने गुरुवार को नामांकन पत्र भी ले लिए। वह शुक्रवार को नामांकन कराएंगे, लेकिन अब तक दिख रहा है क‍ि वह निर्विरोध अध्‍यक्ष नहीं बन पाएंगे। वजह यह है क‍ि शशि थरूर से उनको चुनौती मिलने की पूरी संभावना है। थरूर नामांकन पत्र भी ले चुके हैं और सोनिया गांधी से मिलकर उनसे चुनाव लड़ने की अनुमत‍ि भी।

शुक्रवार को नामांकन होना है इसलिए अगर कोई और निर्णय नहीं हुआ तो दिग्‍विजय सिंह और शशि थरूर दोनों ही नामांकन कराएंगे। अगर ऐसा हुआ तो कांग्रेस अध्‍यक्ष का चुनाव इन दोनों के बीच होगा। हालांक‍ि ऐसा अनुमान भी लगाया जा रहा है क‍ि ऐन मौके पर कोई और भी बदलाव हो सकता है। ऐसे में, कोई तीसरा चेहरा भी सामने आ सकता है लेकिन वह कौन होगा? शुक्रवार को नामांकन की औपचारिकता के बाद तय हो सकेगा।

सोनिया गांधी और राहुल गांधी।

उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के ऐलान से ही चुनावी सरगर्मी और बढ़ गई है। दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव का नामांकन पत्र लिया और कहा कि वह शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैदान खुला है, जिसको लड़ना है लड़े। नामांकन पत्र लेने के बाद मीडिया की ओर से किए गए इस सवाल पर क‍ि क्या वह पार्टी नेतृत्व की तरफ से चुनाव लड़ने का कदम उठा रहे हैं तो दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘मैं अपने लिए खुद जिम्मेदार हूं।’क्या आप कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल रहेंगे? इस सवाल पर दिग्‍गी राजा ने कहा कि नामांकन वापस लेने का समय समाप्त होने तक अध्‍यक्ष पद के लिए डटे रहने की प्रतीक्षा करें। दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम लोगों की कोशिश थी कि राहुल गांधी हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, अगर वह नहीं बनना चाहते तो प्रियंका गांधी अध्यक्ष बने, मगर गांधी परिवार ने तय कर लिया है कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे, इसलिए मैदान खुला है, जिसको लड़ना है लड़े। हर सदस्य को चुनाव लड़ने का हक है।

गांधी परिवार ने तय किया है क‍ि इस बार कांग्रेस अध्‍यक्ष उनके परिवार से नहीं।

दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस अध्‍यक्ष के चुनाव के लिए 10 नामांकन फॉर्म लिए हैं। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की गई और नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलनी है। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। बता दें क‍ि शशि थरूर भी कह चुके हैं क‍ि वह शुक्रवार को दोपहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here