
बरेली । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने प्रदेश को 2554 नई अत्याधुनिक एंबुलेंस की सौगात दी। जिससे चिकित्सा आपात स्थितियों में रिस्पांस टाइम को और कम किया जाएगा। उनका कहना था कि पहले 108 एंबुलेंस का रिस्पांस टाइम 17-19 मिनट था जो अब घटकर 7 मिनट रह गया है। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश में संचारी रोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी और मलेरिया, डेंगू, इंसेफ्लाइटिस जैसी बीमारियों के नियंत्रण के लिए जागरूकता फैलाने की योजना साझा की।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों को गाय के गोबर से दुर्गंध आती है वे गाय की सेवा कैसे कर सकते हैं? साथ ही उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को भी रेखांकित किया और आगामी चुनावों के लिए अपने एजेंडे की दिशा स्पष्ट की।
यह भी देखें : ट्रंप के बयान पर ईरान का जवाब, कहा हम पर हमला हुआ तो परमाणु हथियार अंतिम विकल्प
उन्होंने बरेली में 933 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। जिसमें स्मार्ट पुलिसिंग, स्कूल चलो अभियान और किसानों के लिए विकास योजनाएं शामिल थीं। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश के विकास को गति देने और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सभी से मिलकर काम करने का आह्वान किया।