नई दिल्ली। राहुल गांधी की अगुवाई में निकल रही भारत जोड़ो यात्रा के बीच कांग्रेस को गोवा में जोरदार झटका लगा है। उसके 11 में से आठ विधायक बुधवार को सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए। कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में दिगंबर कामत, माइकल लोबो, डी लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नायक, संकल्प अमोनकर, अलेक्सो सिकेरा और रुडॉल्फ फर्नांडिस हैं। इनमें दिगंबर कामत राज्‍य के पूर्व मुख्यमंत्री हैं तो माइकल लोबो नेता प्रतिपक्ष हैं।

विपक्ष के नेता लोबो ने कांग्रेस विधायक दल की बैठक की। इस बैठक में कांग्रेस विधायक दल को भाजपा में विलय करने पर निर्णय लिया गया था। इसके बाद इन विधायकों ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मुलाकात की।

लोबो को कांग्रेस ने हाल ही में विपक्ष के नेता के पद से हटा दिया था। उसके बाद से ही उन समेत छह विधायकों के कांग्रेस से बागी होने की चर्चा चल रही थी। कांग्रेस ने तब स्पीकर से कामत और लोबो को दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित करने के लिए कहा था।

बता दें क‍ि गोवा में फरवरी में विधानसभा चुनाव हुए थे। 40 सीटों वाली गोवा विधानसभा में भाजपा के 20 समेत एनडीए के पास 25 विधायक हैं। कांग्रेस के 11 विधायक थे, अब आठ भाजपा में शामिल हो गए तो तीन ही बचे हैं। वहीं, महाराष्ट्रवादी गोमांतक के पास दो और गोवा फॉरवर्ड पार्टी की एक सीट है। अन्य के खाते में छह सीटें हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2019 में भी भाजपा ने गोवा में कांग्रेस को इसी तरह का झटका दिया था। जुलाई, 2019 में कांग्रेस के 10 विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here