भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी को मिला बहन प्रियंका का साथ, पति और बेटे ने भी की पदयात्रा

0
37

मध्य प्रदेश में प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी का साथ देती हुई नजर आईं। मध्य प्रदेश में इस यात्रा के दूसरे दिन राहुल ने खंडवा जिले के बोरगांव से पैदल चलना शुरू किया। यात्रा में प्रियंका के साथ उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान भी पैदल चले।

मध्य प्रदेश पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में गुरुवार को प्रियंका गांधी वाड्रा भी भाई राहुल गांधी का साथ देने जा पहुंची। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपने पति और बेटे के साथ पहली बार इस यात्रा में शामिल हुईं हैं।

कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में पहुंचने पर ट्वीट कर कहा- मजबूत होंगे कदम, जब मिलकर चलेंगे हम।

बता दें क‍ि कर्नाटक में राहुल गांधी के साथ उनकी मां सोनिया गांधी भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनी थीं। उसके बाद अब मध्य प्रदेश में प्रियंका गांधी भाई राहुल का साथ देती नजर आईं। मध्य प्रदेश में इस यात्रा के दूसरे दिन गुरुवार को सुबह राहुल गांधी ने खंडवा जिले के बोरगांव से पैदल चलना शुरू किया। यात्रा में प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान भी पैदल चले।

यात्रा में प्रियंका गांधी के शामिल होने के बाद उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता भाई-बहन के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी यात्रा में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ शामिल हुए। सचिन पायलट मध्य प्रदेश में ऐसे वक्‍त में राहुल के साथ यात्रा में शामिल हुए, जब यात्रा के राजस्थान पहुंचने से पहले इस कांग्रेस शासित राज्य में नेतृत्व में बदलाव की मांग फिर जोर पकड़ने लगी है।

राहुल गांधी और प्रियंका के साथ सचिन पायलट भी यात्रा में शामिल हुए।

बता दें क‍ि राहुल गांधी की अगुवाई में निकली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में 380 किलोमीटर का फासला तय करने के बाद 4 दिसंबर को राजस्थान में प्रवेश करेगी। यह यात्रा आगामी 13 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश के मालवा (इंदौर, उज्जैन), निमाड़ (बुरहानपुर खंडवा, खरगोन), मध्य भारत के हिस्से आगर और सुसनेर जिलों को कवर करेगी।

यात्रा के तय कार्यक्रम के अनुसार, मध्‍यप्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी कई समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के अलावा अन्‍य धार्मिक स्थलों का दौरा करने के साथ ही खंडवा में आदिवासी नेता टंट्या भील के जन्मस्थान पर भी पहुंचेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here