अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय प्रवासियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर 205 भारतीयों को सैन्य विमान से भारत भेजा जा रहा है। ये प्रवासी अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे थे, जिनमें से कुछ के वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी, जबकि कुछ अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल हुए थे।
अमेरिका के रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने पहले ही 5000 से अधिक अवैध प्रवासियों को उनके देशों में भेजने के लिए उड़ानें भर दी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में लगभग 7.25 लाख भारतीय अवैध रूप से रह रहे हैं, जो कि अवैध प्रवासियों की तीसरी सबसे बड़ी संख्या है। सूत्रों के अनुसार, यह विमान सी-17 सैन्य विमान है, जो अमेरिका के सैन एंटोनियो से उड़ा और भारत के लिए रवाना हो चुका है। प्लेन की लैंडिंग अमृतसर में होने की संभावना है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की गई है। विमान जर्मनी में रिफ्यूलिंग के लिए रुक सकता है।
यह भी देखें : पीएम पांच फरवरी को कुंभ में करेंगे स्नान, पहले वहां न जाने की बात आई थी सामने
बताते चले भारत सरकार ने पहले ही इस मामले में सहयोग देने की बात स्पष्ट कर दी थी और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने स्वंय इस बात की पुष्टि की थी कि भारत इस मामले में अमेरिका की हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। ट्रंप प्रशासन ने अवैध प्रवासियों को उनके देश भेजने के लिए अमेरिकी सेना का उपयोग करना शुरू किया है और इसे इतिहास का सबसे बड़ा डिपोर्टेशन कार्यक्रम बताया जा रहा है।