योगी सरकार में पंचायती राज के कैबिनेट मंत्री हैं मुरादाबाद में जन्मे चौधरी, जाट-किसानों को साधने के लिए भाजपा ने लगाया दांव
नई दिल्ली/ लखनऊ। दो दिन से चल रहीं अटकलों पर मुहर लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश में भूपेंद्र चौधरी को अपना प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। वह योगी सरकार में पंचायजी राज के कैबिनेट मंत्री और उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं।
भूपेंद्र चौधरी की नियुक्ति का आदेश गुरुवार को दोपहर भाजपा के राष्ट्रीय महाससचिव अरुण सिंह ने जारी कर दिया। इसमें कहा गया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडढा ने यह नियुक्ति की है।
बता दें कि स्वतंत्र देव सिंह को योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद से ही भाजपा नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश में थी। इसके लिए कई नाम चल रहे थे। पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का नाम भी प्रदेश अध्यक्ष के लिए चला था लेकिन दो दिन पहले भूपेंद्र चौधरी का नाम तब से चलने लगा, जब उनको दिल्ली बुलाया गया। माना जाने लगा कि नाराज जाट और किसानों को लुभाने के लिए भाजपा उनको प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहती है। ऐसा लोकसभा चुनाव को देखते हुए किया जा रहा है।
भूपेंद्र चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आते हैं। वह वर्ष 2007 से 2012 तक भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय मंत्री रहे। वर्ष 2011-2018 तक लगातार तीन बार पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष भी रहे। उनको पार्टी संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है।
मुरादाबाद के महेंद्ररी सिकंदरपुर गांव में वर्ष 1968 में जन्मे भूपेंद्र चौधरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का खास माना जाता है।