लखनऊ। सपा के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उनको सिविल अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के बाद वह घर लौट आए। उनके नाक से खून आने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। सिविल अस्पताल में डॉक्टर उनके आने से पहले से ही अलर्ट थे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल भर्ती किया। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. डी. एम. नेगी के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव को नाक से खून बह रहा था, जिसे दिखाने आए थे, इलाज के बाद चले गए, कोई बड़ी दिक्कत नहीं थी।
बता दें कि इससे पहले मुलायम सिंह यादव को गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भी भर्ती कराया गया था, तब उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने की वजह से एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। इससे पहले 25 जून को भी मुलायम सिंह यादव को तबीयत खराब होने के बाद लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई की इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया था। गौरतलब है कि लोकसभा में शपथ लेने के दौरान भी मुलायम सिंह व्हीलचेयर पर ही पहुंचे थे और तय समय से पहले ही शपथ ली थी।