नई दिल्ली। लक्ष्य 2024 को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से उत्साहित होकर अब ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान की रणनीति बनाई है। तैयारी यह है कि जैसे की 26 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा का समापन होगा, वैसे ही देशभर में हाथ जोड़ने के नए अभियान पर निकल पड़ेंगे। इसकी कार्ययोजना तैयार की जाने लगी है। नए अभियान की रणनीति बनाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 23 दिसंबर को नेशनल कोर कमेटी की बैठक बुलाई है। इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस के सभी प्रमुख पदाधिकारी, राज्यों के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री बुलाए गए हैं। बैठक नई दिल्ली में अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित होगी।

हाथ जोड़कर घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता


दरअसल, हाथ से हाथ जोड़ो अभियान भारत जोड़ो यात्रा का विस्तार होगा। बता दें कि राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही भारत जोडो पदयात्रा ने तीन महीने से ज्यादा का समय पूरा कर लिया है। भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य को जनता तक पहुंचाने के लिए एक अभियान के रूप में हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा देश भर में निकालेगी। इस हाथ जोड़ो यात्रा के माध्यम से कांग्रेसी घर-घर जाएगे।

ऐसे चलेगा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
26 जनवरी 2023 से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत हो जाएगी। दो माह तक चलने वाला यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लोगों से जुड़ने का यह भी है राहुल गांधी का अंदाज

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर पत्र लिखा है। इसमें 26 जनवरी से दो माह तक सभी ग्राम पंचायत और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। प्रत्येक ब्लाक में एक माह पदयात्रा चलेगी और हर गांव में बैठक का आयोजन होगा। घर-घर जनसंपर्क कर केंद्र की मोदी सरकार की असफलताएं बताईं जाएंगी और भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य और उससे संबंधित भावनात्मक वीडियो दिखाएं जाएंगे। अधिक से अधिक व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए गांव स्तर पर इंटरनेट मीडिया के विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
प्रत्येक जिला मुख्यालय पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के सम्मेलन होंगे। इस अभियान का समापन कार्यकर्ता महासंगम से होगा। युवाओं पर केंद्रित भारत जोड़ो मेला का आयोजन भी राज्य स्तर पर किया जाएगा। अभियान की योजना बनाने के लिए राज्य स्तर पर 15 से 19 दिसंबर के बीच बैठकें होंगी। जबकि, जिला स्तर पर 20 से 24 दिसंबर और ब्लाक स्तर पर 26 से 29 दिसंबर के बीच बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं।

महिलाओं का नेतृत्व करेंगी प्रियंका गांधी


रणनीति बनी है कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा। प्रियंका गांधी वाड्रा प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च करेंगे। कार्यक्रम के लिए महिला कांग्रेस को जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि महिला मार्च में महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here