गुरुग्राम/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की हालत नाजुक बनी हुई है। शनिवार को दोपहर बाद मेदांता अस्पताल की ओर से जारी आईसीयू में भर्ती मुलायम सिंह यादव के हेल्‍थ बुलेटिन के अनुसार, सपा संरक्षक की हालत स्थिर है। जाहिर है क‍ि उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं आया है। सपा कार्यकर्ता और उनके शुभचिंतक उनके लिए लगातार दुआ कर रहे हैं।

शनिवार को दोपहर बाद समाजवादी पार्टी ने मेदांता अस्‍पताल की ओर से जारी हेल्‍थ बुलेटिन सोशल मीडिया पर साझा किया। इसके अनुसार, मुलायम सिंह यादव की हालत अभी भी गंभीर है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा आईसीयू में उनका इलाज किया जा रहा है।
मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह को देखने पहुंचीं उनकी पुत्रवधु डिंपल यादव।
मुलायम सिंह यादव के बेटे और सपा के संरक्षक अखिलेश यादव, प्रोफेसर रामगोपाल यादव, प्रसपा अध्‍यक्ष शिवपाल यादव और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव समेत कई पारिवारिक सदस्‍य मेदांता अस्‍पताल में मौजूद हैं।
वहीं, शनिवार को सुबह भाकियू नेता नरेश टिकैत, अपना दल (कमेरावादी) की नेता कृष्णा पटेल और पल्लवी पटेल ने मेदांता अस्पताल में पहुंचकर सपा संरक्षक का हाल जाना। बता दें क‍ि शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मेदांता अस्‍पताल पहुंचे और अखिलेश यादव से मुलाकात करके मुलायम सिंह यादव का हाल जाना।
बता दें कि 82 वर्षीय सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव रविवार 2 अक्टूबर को लो ब्लड प्रेशर और सांस लेने में तकलीफ की समस्या गंभीर होने के बाद से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्‍पताल में भर्ती हैं। यहां इलाज के बावजूद उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here