‘हिंदू देवी देवताओं को नहीं मानूंगा’ शपथ पर घिरे केजरीवाल के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, आप पर भाजपा हमलावर

0
42

नई दिल्‍ली। हिंदू देवी-देवताओं को न मानने की शपथ पर आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। बता दें क‍ि मंत्री राजेंद्र पाल गौतम बौद्ध महासभा के आयोजन में शामिल हुए थे। भाजपा नेताओं का दावा है कि दिल्ली सरकार के मंत्री ने हिंदुओं के इष्ट देवताओं का अपमान किया है। बौद्ध महासभा के आयोजन पर ही सवाल उठाए जाने लगे हैं। खबर तो यह भी है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी राजेंद्र पाल गौतम से नाराज हैं।

बता दें क‍ि दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम बौद्ध महासभा के आयोजन में शामिल हुए थे। इसमें हिंदू देवी देवताओं को नहीं मानने की शपथ दिलाई गई खुद राजेंद्र पाल गौतम स्टेज पर मौजूद थे और वह शपथ ले रहे थे। भाजपा सोशल मीडिया पर इस आयोजन का वीडियो लगातार साझा कर रही है। भाजपा प्रवक्ता हरीश खुराना ने कहा- यह है आम आदमी पार्टी का दोगलापन। जिस राज्य में चुनाव होते है वहां अरविंद केजरीवाल और उनके गुर्गे, जय श्री राम और जय श्री कृष्ण कहते थकते नहीं, लेकिन जहां सत्ता में होते है वहां उनके मंत्री कैसे हमारे इष्ट देवताओं का अपमान करते है। गजब है केजरीवाल।

वहीं भाजपा के नेता कपिल मिश्रा ने भी एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि अरविंद केजरीवाल का मंत्री दिल्ली में हिंदुओं को, हिंदू देवी देवताओं को गाली दे रहा है और केजरीवाल गुजरात में जय श्री कृष्णा बोलने का ढोंग कर रहा है। मुफ़्त का सामान देकर गरीब हिंदुओं का धर्म परिवर्तन कराने वाली एजेन्सी बन गयी हैं आम आदमी पार्टी।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी वीडियो शेयर किया है और लिखा कि इतना हिंदू विरोधी क्यों हैं आप? हिंदू धर्म के ख़िलाफ शपथ ले भी रहे है और दिला भी रहे हैं, यह आप के मंत्री। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि एक बार फिर आप का हिंदू विरोधी चेहरा बेनकाब..। अरविंद केजरीवाल के मंत्री लोगों से शपथ दिलवा रहे हैं कि मैं किसी ब्रह्मा, विष्णु, महेश को नहीं मानूंगा! तो फिर चुनाव के दौरान मंदिरों में क्या दर्शाने के लिए जाते हो? क्या हिंदू धर्म इतना चुभता है आप की आंखों में? इतनी नफरत क्यों? भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने लिखा कि केजरीवाल के मंत्री राजेन्द्र पाल सार्वजनिक रूप से हिंदू देवी देवताओं का अपमान कर कर रहे हैं। करें भी क्यू ना जब केजरीवाल ही ईश्वर को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ता, केजरीवाल का ईश्वर प्रेम महज दिखावा है और किसी और को खुश करने के लिए हिंदू देवी देवताओं का अपमान किया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here